
फ़्रांस को जीतने से पहले मुझे जीतना होगा
ब्रिटिश तोपों के सामने
अपना मुद्गर लेकर खड़ी हो गई थी एक फ़्रांसीसी धोबन
सेन नदी के पुल पर
एक धोबन ने पूरे फ़्रांस को जगा दिया
उसकी सोई हुई आत्मा को जाग्रत कर दिया
सेन नदी के तट पर जो
कपड़े पछीट रही थी
उस धोबन के एक मुद्गर ने
ब्रिटिश तोपों को वापस लौटने के लिए मज़बूर कर दिया
बीसवीं सदी के दूसरे दशक में
एक सुबह अख़बार में यह ख़बर पढ़कर
पूरा फ़्रांस जैसे मुद्गर लेकर खड़ा हो गया
अपनी आज़ादी की रक्षा के लिए
दूसरे दिन सेन नदी के तट पर
फ़्रांस के ख़बरनवीस उस धोबन को ढूंढने पहुंचे
तो वह नहीं मिली
कहां विलुप्त हो गई
किस पाताल में समा गई वह फ़्रांसीसी धोबन
क्या यह ख़बर झूठ थी
क्या एक युवा पत्रकार ने झूठी ख़बर प्रकाशित की थी
उस पत्रकार ने जिसने कालांतर में
नोबेल पुरस्कार को आलू का बोरा कहकर ठुकरा दिया था
आज तक सेन नदी के तट पर
उस धोबन की खोज जारी है
क्या वह सचमुच थी या कोई किंवदंती थी
या थी कोई देवी कोई अप्सरा कोई बला
या हाड़मांस से बनी कोई औरत
कौन थी वह
जो खड़ी हो गई थी उस दिन यह कहते हुए
ब्रिटिश तोपों के सामने :
फ़्रांस को जीतने से पहले मुझे जीतना होगा
यह फ़्रांसीसी क्रांति के बहुत बाद की बात है
मुझे कहने दिया जाए कि
किंवदंतियां इतिहास से बड़ी होती हैं
जब तक सेन नदी के किनारे
कोई धोबन कपड़े पछीट रही है
जब तक नोबेल पुरस्कार को
आलू का बोरा कहकर ठुकराया जाता रहेगा
तब तक फ़्रांस देश की स्वतंत्रता अक्षुण्ण है
अक्षुण्ण रहेगी
कौन थी वह रहस्यमय धोबन
जो उस दिन सेन नदी के किनारे
मुद्गर से कपड़े पछीट रही थी
छपाक् छपाक् छपाक्!
•••••••••••••••••
krishnakalpit@gmail.com
| पेरिस पट्टनम सिरीज़ की कविता |
Leave a Reply