
(१)
केदारनाथ सिंह की अनुकृति करने की कोशिश में जितने युवा कवि नष्ट हुये उससे कुछ अधिक ही विष्णु खरे की कविता की नक़ल करके हुये होंगे । जो कवि जितने युवा कवियों को बरबाद कर सके – वह उतना ही बड़ा कवि होता है । इस लिहाज़ से केदारनाथ सिंह और विष्णु खरे दोनों ही बड़े कवि ठहरते हैं – कुछ थोड़ा कम तो कुछ थोड़ा ज़्यादा !
(२)
विष्णु खरे आठवें दशक के अतिरिक्त कवि थे । आश्चर्य यह कि इसी अतिरिक्त में सम्पूर्ण समाया हुआ था । आठवें दशक के पाँच कवियों को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला । इस प्रकार विष्णु खरे कम से कम पाँच साहित्य अकादमी पुरस्कार के हक़दार थे लेकिन अफ़सोस कि उन्हें एक बार भी साहित्य अकादमी पुरस्कार के काबिल नहीं समझा गया !
(३)
विष्णु खरे महाकवि नहीं थे लेकिन उनकी लिखी हुई हर पंक्ति महाकाव्यात्मक थी !
(४)
महाभारत विष्णु खरे का प्रिय महाकाव्य ही नहीं था – महाभारत उनके लिये कविता का उद्गमस्रोत भी था और ख़ुद विष्णु खरे कौन विचित्रवीर्य से कम थे ?
(५)
हिंदी कविता में निराला के उत्तराधिकारी मुक्तिबोध थे या नहीं कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन विष्णु खरे मुक्तिबोध के निर्विवाद उत्तराधिकारी हैं !
(६)
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और कविता-प्रेमी त्रिपुरारि शरण जब दूरदर्शन के महानिदेशक बनकर आये तो उन्होंने मुझे कविता के विशेष कार्यक्रम करने को कहा । शायद जनवरी 2012 की बात होगी जब हमने दिल्ली के राजेन्द्र भवन में ‘कविता-अभिलेख’ कार्यक्रम किया । इस कार्यक्रम के लिये हमने दिवंगत कवि पंकज सिंह को सलाहकार बनाया था ।
इस कार्यक्रम में समकालीन हिंदी कविता के अधिकांश श्रेष्ठ कवि उपस्थित थे । विनोद कुमार शुक्ल से लेकर ऋतुराज तक । मंगलेश डबराल से लेकर असद ज़ैदी से लेकर देवी प्रसाद मिश्र तक । सविता सिंह से लेकर गगन गिल तक । कैलाश वाजपेयी से लेकर राजेश जोशी तक । इस कार्यक्रम का डीडी-भारती पर Live प्रसारण होना था ।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले विष्णु खरे ने मुझसे कहा – मैं जो आज कविताएँ पढूंगा उससे तुम्हारी नौकरी चली जायेगी, कल्पित ! इस पर मैंने विष्णुजी से कहा कि मेरी नौकरी की आप परवाह न करें उसे लेने के प्रयास बहुत लोग बहुत दिन से कर रहे हैं, आप को जो पढ़ना हो पढ़ें !
कार्यक्रम शुरू हुआ । संचालन कवि पंकज सिंह कर रहे थे । विष्णु खरे की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के शुरू होने से पहले ही मैंने डीडी-भारती पर Live Streaming रुकवा दी थी । कार्यक्रम को सिर्फ़ Record किया गया ।
विष्णु खरे ने उस दिन कविताओं के नाम पर राहुल और सोनिया गाँधी पर बहुत ही घटिया तुकबंदी सुनाई, जिसे मैंने बाद में Edit करके हटा दिया । उन दिनों कांग्रेस का राज था और मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे । इस तरह मेरी नौकरी भी बच गयी और विष्णुजी की ज़िद भी रह गयी ।
इसके बाद भी पटना, राँची और जयपुर के कार्यक्रमों में मैं विष्णुजी को बुलाता रहा । विष्णुजी हर बार पूछते – मुझे फिर क्यों बुला रहे हो तो मैं जवाब दिया करता था कि इसलिये बुला रहा हूँ कि अभी मेरी नौकरी गई नहीं !
(७)
रात के 11 से कम क्या बजे होंगे ? विष्णु खरे इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की बार में झूम रहे थे । मैं बार-काउन्टर की स्टूल पर बैठा अपना पाँचवाँ प्याला पी रहा था । विष्णुजी ने अपनी चिर-परिचित शैली में तीर चलाते हुये मुझसे कहा – कल्पित तुम ग़ज़लगो कवि हो । असल में विष्णुजी मेरे छंद/ग़ज़ल प्रेम पर कटाक्ष कर रहे थे । मैंने भी प्रत्युत्तर में तीर चलाते हुये कहा – अगर ग़ज़लगो होना इतना ही निंदनीय है तो आप लोग शमशेर के पाँव धोकर क्यों पीते हैं ? शमशेर तो मुझसे अधिक ग़ज़लगो हैं । अस्ल में आप लोग पाखंडी हैं ।
इसके कोई चार साल बाद विष्णु खरे राँची में मेरे निवास पर तरल-गरल के बाद तीर चलाते हुये बोले – कल्पित तुमसे अच्छी कविता तो अजन्ता लिखती है । अजन्ता तुमसे बेहतर कवि है । प्रत्युत्तर में मैंने भी बाण मारते हुये कहा कि आपका यह तीर कभी का भौंथरा हो चुका है । पंकज सिंह पर भी आप इसका पूर्व में प्रयोग कर चुके हैं । अजन्ता की तुलना मुझसे क्यों कर रहे हैं आप तो यह बताइये कि अजन्ता मंगलेश डबराल और आपसे बेहतर कवि है या नहीं ?
हमारी लड़ाई हर बार बराबर छूटी !
(८)
विष्णु खरे ने जीते-जी इस बात का पुख़्ता प्रबंध कर रखा था कि उनको साहित्य अकादमी पुरस्कार देने के लिये कोई सोच भी न सके लेकिन अब मैं प्रस्तावित करता हूँ कि विष्णु खरे को धूमिल की तरह मरणोपरांत साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाये !
(समय बीत गया । यह पुकार भी अनसुनी ही रही )
(९)
रामविलास शर्मा को गपोड़ी, अशोक वाजपेयी को सम्राट अशोक और कवयित्री गगन गिल को महादेवी सिर्फ़ विष्णु खरे ही कह सकते थे ।
निर्विवाद रूप से विकट ही नहीं बल्कि दुर्दांत मेधा के धनी विष्णु खरे केवल कवि, आलोचक ही नहीं बल्कि अनुसंधानकर्ता भी थे । विष्णु खरे मेरी जानकारी में प्रथम व्यक्ति थे जिन्होंने निराला के हृदय में विजयलक्ष्मी पंडित के प्रति छुपे हुये प्रेम (Crush) की खोज की ।
अभी पिछले दिनों ‘समालोचन’ की एक टीप में उन्होंने हिंदी-विदुषी आगनयेशका सोनी के प्रति मुक्तिबोध के लगाव का ज़िक़्र करते हुये यहां तक लिखा – ‘जो बहुत दिलचस्प है वह मुक्तिबोध का कुछ अंतरंग मित्रों के साथ लगभग erotic प्रेम-भाव ।’
उनके अति सक्रिय मस्तिष्क को और दूर की कौड़ी लाने की सिद्धहस्तता को देखते हुये मेरा मानना है कि विष्णु खरे अगर fiction में हाथ आज़माते तो कोई बड़ा classic उपन्यास हिंदी-साहित्य को मिलता !
(१०)
अभिधा में कविता सम्भव करने वाले विष्णु खरे संसार के कदाचित एकमात्र कवि हैं । नुकसान उठाकर भी हक़ की बात कहने वाले विष्णु खरे के लिये मेरे मन में बहुत सम्मान है । बिगाड़ के डर से हक़ की बात कहना विष्णुजी ने अंतिम समय तक नहीं छोड़ा ।
केदारनाथ सिंह की मृत्यु के बाद मेरे लिखे गये लेख की प्रतिक्रियाओं में जब मुझ पर कोड़ों की बरसात हो रही थी और मैं ‘कड़ी मारें’ सह रहा था तब विष्णु खरे का मुंबई से टेलीफ़ोन आया । उन्होंने शायद सिद्धांत मोहन से मेरा नम्बर लिया था ।
“अरे भई कल्पित, तुमने केदारजी पर बहुत ज़ोरदार लिखा ।” विष्णु खरे ने कहा ।
इस पर मैं क्या कह सकता था ? यही कहा, “केदारजी ने तो आपकी प्रतिनिधि कविताओं का सम्पादन किया है !”
“तो क्या मुझ पर एहसान किया है । छोड़ो इस बात को तुमने बहुत अच्छा लेख लिखा है !” यह कहकर विष्णुजी अपनी चिरपरिचित खरखराती हुई हँसी हँसने लगे ।
इसके बाद मेरे पास कहने को क्या था !
(११)
विष्णु खरे की मृत्यु एक त्रासदी है । हमारी भाषा और हमारे समय की एक नीच ट्रेजेडी । विष्णु खरे हिंदी संस्थाओं और सत्ताओं से तमाम उम्र बाहर किये जाते रहे । इसे विडम्बना ही कहा जायेगा कि मरते समय वे दिल्ली की एक मरी-गिरी अकादमी के उपाध्यक्ष थे । जैसे वे मरने के लिये ही उस दिल्ली में वापस आये, जिसने उन्हें दस बरस पहले शहर निकाला दे दिया था !
(१२)
जैसे सरस्वती की सवारी हंस, गणेश की मूषक और इंद्र की हाथी है वैसे ही हिंदी के एक अलबेले, औघड़ और अवांगार्द कवि विष्णु खरे की सवारी आसमानी रंग का एक जर्जर वेस्पा स्कूटर था और यह उस समय की बात है, जब हिंदी का हर हलकट लग्जरी गाड़ी में चलता था ।
हंस उड़ गया और वह खरखराता हुआ आसमानी वेस्पा स्कूटर कभी का कबाड़ी के हाथों बिक चुका होगा !
•••••••••
krishnakalpit@gmail.com
गगन गिल और विष्णु खरे | तस्वीरकार : कृक |
Leave a Reply