
कभी रहता था यहाँ
अब नहीं रहता
दिखाई नहीं दिया कई दिनों से
यही कह सकते हैं कि
वह यहाँ भी रहा था
कुछ अरसा
पर ग़ायब है इन-दिनों
अब वह रहता होगा कहीं और
किसी और शहर में
किसी दूसरे मुल्क में
किसी अज़नबी लोक में
ज़िंदा होगा तो कहीं ज़रूर रह रहा होगा
हो सकता है लौटकर आये
हो सकता है न आये
कवियों का क्या भरोसा
आये न आये
तुम्हारी तरह एक स्त्री भी आती है
पूछताछ करने
मना करने पर भी खटखटाती है दरवाज़ा
तुम कब तक प्रतीक्षा करोगे
जाओ, अपना सन्देसा छोड़ जाओ
इस डाकपेटी में
मुझे लगता है आख़िरी बार जाने से पहले
वह अपनी डाक देखने ज़रूर आएगा!
•••••••••••••••••
krishnakalpit@gmail.com
Leave a Reply