
(१)
आऊँगा ज़रूर आऊँगा
मैं युद्ध के ख़त्म होने का इन्तिज़ार कर रहा हूँ, चेतना पारीक !
युद्ध अधिक दिन तक नहीं चलते
कोई कब तक पहने रख सकता है लोहे के जूते
३० अक्तूबर का टिकट है
तब तक बहाल हो जायेगी भारतीय रेल सेवा
तुम्हें याद होगा
हम कलकत्ता की एक ट्रॉम में मिले थे
जब एक दाढ़ी वाला बिहारी कवि तुम पर फ़िदा हो गया था !
(२)
तुम पर कविता लिखकर एक कवि अमर हो गया
और तुम मर गई, चेतना पारीक !
मैं तुम्हें याद करता हूँ
तुम्हारी दुर्बल काया को
तुम्हारे चश्मे को
तुम्हारी कविता की कॉपी को
और उस क़स्बे की धूल को
जहाँ तुम कलकत्ते से चली आई थी
मैं तुम्हें अमर करता हूँ, चेतना पारीक !
(३)
तुम उम्र में हमसे बड़ी थी
एक खोया हुआ प्यार
एक न लिया गया चुम्बन
कवि हम तब भी उससे बेहतर थे
जिसने तुम पर कविता लिखी, चेतना पारीक !
(४)
एक कवि ने तुम पर कविता लिखी
एक कवि ने तुम से प्रेम किया
एक कवि ने तुमसे विवाह किया
कवियों को तुम से अधिक कौन जानता है, चेतना पारीक !
(५)
हम पहली बार उस ट्रॉम में मिले थे
जिससे टकराकर
बांग्ला कवि जीबनानन्द दास मर गये थे
क्या तुम कवियों की मृत्यु हो, चेतना पारीक !
(६)
दूनी नहीं चौगुनी है भीड़
तुम्हारे दो तलुओं जितनी भी जगह नहीं बची
इस महानगर में
अब तुम नहीं रहती कलकत्ते में
चली गयी हो दूर रेगिस्तान के एक क़स्बे में
कौन बच पाया है
ज़माने की कड़ी मारों से
तुम्हारे प्रेम में पड़कर
जिस कवि ने बढ़ाई थी दाढ़ी
वह अब सफ़ेद हो चुकी है
कविता की कॉपी छूट गयी ट्राम में
कवि फंस गये जाम में
कितना बदल गयी हो
अब तुम भी पहले जैसी नहीं रही, चेतना पारीक !
(७)
हम रेगिस्तान के रहने वाले थे
लोटा और डोर लेकर आये थे कलकत्ता
हमारा जीबनानन्द दास कौन था पता नहीं
लेकिन तुम हमारी बनलता सेन हो, चेतना पारीक !
••••••••••••••••
krishnakalpit@gmail.com
Leave a Reply