
कवि के घर चोरी
किसी के घर चोरी हो और शिष्टाचार के नाते आप उसके घर जाएँ तो अपेक्षा यही की जाती है कि आप उन्हें दिलासा देंगे। वाकया कब हुआ, कितना नुकसान हुआ, एफ़.आई.आर. दर्ज़ कराई या नहीं, आइन्दा आप फलाँ -फलाँ सावधानी बरतें जैसी रस्मी बातों के बाद आप अपने घर लौट आएँ। लेकिन चोरी यदि किसी कवि के घर हो, तो क्या वह वाकया चौर्यकला पर एक बेहतरीन बातचीत का ज़रिया भी हो सकता है ? मेरा उत्तर ‘हाँ’ में है। मेरी स्मृति में आज भी वर्षों पूर्व घटा वह वाकया दर्ज़ है ।
हुआ यूँ कि कृष्ण कल्पित के प्रतापनगर वाले मकान में चोरी हुई। कल्पित का पदस्थापन उन दिनों दिल्ली में था। पड़ौसियों से सूचना मिलने पर अजन्ता और वह जयपुर आये। कल्पित का फ़ोन आया ‘शेखावतजी, घर में कुछ चोरी-चकारी हो गई थी, इसलिए जयपुर आया हुआ हूँ।’चोरी बाबत ज़रूरी पूछताछ के बाद मैंने उससे कहा- ‘मैं कल तुम्हारे घर आता हूँ और अगले दिन दोपहर के लगभग प्रतापनगर पहुँच गया।
उम्मीद के विपरीत कल्पित और अजन्ता दोनों उसी पुरानी गर्मजोशी और खुलूस के साथ मिले। मैं मन ही मन आश्वस्त हुआ कि इसका मतलब नुकसान कम ही हुआ है। अलबत्ता सच्चाई बाद में मालूम हुई कि चोरों ने हर संभव ले जा सकने वाली चीज़ पर हाथ साफ़ किया था-सिवा किताबों, पत्रिकाओं और पाण्डुलिपियों के। लेकिन अच्छी-खासी चोरी के बावजूद दोनों मेरी ख़ातिर-तवाज़ो में इस तरह जुटे गये गोया मैं किसी मांगलिक आयोजन के मौके पर उनके घर आया हूँ। मेरी अपनी राय में ऐसा केवल कवियों के घर ही संभव है ।
मिलते ही अजन्ता ने पूछा कि ‘इन दिनों क्या ख़ास लिखना-पढ़ना चल रहा है।’ मैं कुछ जवाब दूँ इससे पहले ही उसने भाई राजाराम भादू की पत्रिका ‘मीमांसा’ में छपे मेरे स्तंभ ‘अन्तर्पाठ’ की भूरी-भूरी प्रशंसा शुरू कर दी। अजन्ता की राय में वह साहित्यिक पत्रकारिता की दुनिया में एक नयी घटना की तरह है। ‘हंस’ के मार्फ़त राजेन्द्र यादव ‘गद्य बनाम कविता’ का जो ओछा अभियान चला रहे थे, उसे देखते हुए स्तंभ की दरकार और बढ़ गई थी । राजस्थान के कवियों की पिछले दशकों से जो अनदेखी हुई है- उसे देखते हुए ‘ अन्तर्पाठ ‘ अजन्ता को उसकी क्षति-पूर्ति करता जान पड़ रहा था।
कल्पित किसी फ़ोन के सिलसिले में उठकर अन्दर चला गया था। डायनिंग टेबल पर मैं और अजन्ता ही मौजूद थे। टेबल पर परसी गयी बंगाली मिठाई के साथ इडलीनुमा किसी नमकीन व्यंजन को खाते हुए मैं संकोचग्रस्त-सा हो रहा था। मैं बार-बार हस्तक्षेप कर बात को घर में हुयी चोरी पर एकाग्र करना चाह रहा था, पर अजन्ता जैसे साहित्यिक चर्चा को समेटने के मूड में ही नहीं थी।हार कर मैंने कहा, ‘सो तो ठीक है, अजन्ता तुम मुझे घर में हुई चोरी के बारे में तो बताओ’ ? इस पर अजन्ता ने तफ़्सील से जानकारी दी। इस बीच फ़ोन निपटा कर कल्पित भी लौट आया था।उसने भी चोरी का कुछ चटपटा-सा ब्यौरा दिया।दोनों चोरों द्वारा अपनाई गई तकनीक की भरपूर प्रशंसा कर रहे थे।और इस बात पर बेहद ख़ुश थे कि चोर उनकी किताबों, पत्रिकाओं और पाण्डुलिपियों को व्यर्थ मानकर घर में जहाँ-तहाँ फेंक गए थे ।
चोरों द्वारा आज़माए गए नायाब नुस्खों की डिटेल बताते हुए अजन्ता ने अचानक टिप्पणी की: ‘शेखावत जी हमारे यहाँ चौर्य को भी कलाओं में शुमार किया गया है। शास्त्रों में वर्णित चौंसठ कलाओं में बाक़ायदा’ चौर्य-कर्म’ भी शामिल है।’ उसने इस बाबत संस्कृत या बांग्ला से कुछ पंक्तियाँ भी उद्यरित कीं। साथ ही उसने यह भी जोड़ा कि कला के साथ एक ख़ास बात यह है कि यहाँ ‘अकला’ जैसा कुछ नहीं होता।इस पर कल्पित ने सवाल किया कि इससे क्या मतलब है तुम्हारा ? अजन्ता ने अपनी बात का खुलासा किया जैसे ‘विद्या’ के मामले में उसकी विलोम स्थिति ‘अविद्या’ है, पर कला के विलोम में ‘अकला’ जैसा कुछ नहीं होता। कला या तो होती है या फिर नहीं होती। कल्पित को कुछ पल्ले पड़ा या नहीं मुझे मालूम।लेकिन मुझे उसकी वह स्थापना गदगद करने वाली लगी। प्रसंग आगे बढ़ा तो बात आई कि कलाएँ चौसठ होती है या चौरासी ? इस पर कल्पित मूँछों ही मूँछों में मुस्कराया कि चौरासी कलाएँ तो काम-विज्ञान की होती हैं जिनकी विस्तृत चर्चा वात्सायन ने अपने ‘कामसूत्र’ में की है। वैसे राजशेखर ने भी अपनी काव्य मीमांसा में लिखा है कि लाट देश की प्रभुदेवी ने सूक्तियों, काम के लिए कलाओं को काव्य में सन्निवेश कर अमर कर दिया। मैंने कहा कि जैन ग्रन्थों के अनुसार कलाएँ 72 प्रकार की हैं। आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी की पुस्तक ‘प्राचीन भारत के कला-विनोद’ में बताया गया है कि कादम्बरी में वैशम्पायन नामक तोते को जब चाण्डाल कन्या शूद्रक के दरबार में ले गई तो उसके कलागुणों की चर्चा करते हुए उसने बखान किया कि इसमें वे सभी गुण मौजूद है जो किसी पुरुष को राज-सभा में प्रवेश के योग्य बनाते हैं। जैसे सभी शास्त्रों का ज्ञाता, राजनीतिक,अतिरिक्त गायन और संगीत शास्त्र की 22 श्रुतियों का ज्ञाता काव्य, नाटक, आख्यायिका और सुभाषितों का मर्मज्ञ होने के साथ ही हास-आलाप में चतुर, वीणा, वेणु, मुरज आदि वाद्यों का अतुलनीय श्रोता, नृत्य प्रयोगों को देखने में प्रवीण, धूत व्यापार में प्रगल्भ, प्रणय, कलह और काम करने वाली मानवती प्रिया को रिझाने में उस्ताद आदि ।
मुझे उस प्रसंग में यह भी याद आया कि काशी के राजा जयित्रचन्द्र की एक रखैल रानी का दरबारियों पर निरंकुश शासन था।कहते हैं कि एक दिन उसने श्री हर्ष कवि से पूछा कि ‘तुम क्या हो’? इस पर कवि का उत्तर था कि मैं ‘ कला – सर्वज्ञ हूँ।’ रानी ने कहा कि यदि तुम सचमुच कला-सर्वज्ञ हो तो मेरे पैरों में जूते बनाकर पहनाओ। ब्राह्मण कवि उस रानी को अतिशय घृणा की दृष्टि से देखता था, पर उसे अपनी कला-सर्वज्ञता को प्रमाणित करना था।इसलिए अगले दिन उसने चमार का वेश धारण करके रानी को जूता पहनाया और फिर ब्राह्मण वेश को सदैव के लिए त्याग कर सन्यासी-वस्त्र धारण कर गंगातट पर चला गया। इस पर अजन्ता ने किसी बांग्ला कवि और कल्पित ने किसी राजस्थानी कवि का वृत्तान्त सुनाया।
अजन्ता ने फिर यह भी जानकारी दी कि उनकी माताजी बाड़मेर महाराजा के यहाँ बतौर गार्ज़ियन काम करती थीं। वे महारानियों को कला शिक्षा और राजकीय शिष्टाचार की शिक्षा भी दिया करती थीं। अजन्ता ने बताया बाड़मेर के वर्तमान महाराजा जब गर्भ में थे तो उनके पिता अपनी पटरानी से रोज़-रोज़ यह आग्रह करते कि मुझे हर हाल में बेटा ही चाहिए। जब बेटा हुआ और महाराज महारानी को बधाई देने आए तो गर्भ धारण के दौरान रोज़-रोज़ की प्रताड़ना से अघाई महारानी ने पहला काम यह किया कि उसने अपने पति को राखी बाँधी और कहा वे अब भविष्य में भाई-बहनों की तरह रहेंगे ।
इस कला-चर्चा में यह बात भी आई कि इन कला-विधाओं ने भारतीय समाज की वर्ण और जातिगत कठोरता को तोड़ने या कम-से-कम शिथिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
महाभारत में ऐसे शूद्र-कुलोत्पन्न अनेक ज्ञानी गुरुओं का पता चलता है। तपस्वी ब्राह्मण कौशिक ने उनसे ज्ञान पाया था। मिथिला के एक धर्मनिष्ठ व्याघ्र परम ज्ञानी थे। शूद्रा दासी के गर्भ से पैदा हुए ज्ञानी विधुर को कौन नहीं जानता। सूत जाति में उत्पन्न लोग हर्षण, संजय और सौति बड़े धर्म प्रचारकों में गिने जाते हैं।मृच्छकटिकम् में हुए वर्ण के अनुसार ब्राह्मण और सेठ भी विट और विदूषक होते थे। शार्वलिक जैसा धर्मात्मा चोर कहाँ मिलेगा जो नीति पालन करते हुए स्त्रियों पर हाथ नहीं उठाता था। वह बच्चों को चुरा कर उनके गहने नहीं छीनता था। कमज़ोर और गरीब नागरिकों के घर सेंध नहीं लगाता था। ब्राह्मण के धन और यज्ञ के निमित्त संग्रह किए सोने पर नज़र नहीं रखता था। शास्त्र से हटकर बात जब लोक पर आई तो मैंने बताया कि मेरे दादाजी कहते थे कि हमारे पड़ौसी गाँव में एक ऐसा कुशल और साहसी चोर था जो पचास कोस दूर चोरी करके अपने घर आ सोता था। उसे हवेली के चौक में बँधे ऊँट को छत पर चढ़ा कर चोरी करने की महारत हासिल थी। कहते हैं कि वह कई मंजिल ऊँची हवेलियों की छत से पीढ़ा अपने पैरों में बाँध कर कूद जाता था।अजन्ता और कल्पित दोनों ने भी इस बाबत कई सुने-सुनाये क़िस्से सुनाए । क़िस्सों के साथ चाय और ठंडे का मिला-जुला दौर चलता रहा। जहाँ तक मुझे याद है उस दिन अजन्ता ने रूह आफ़जा शर्बत को अपनी स्पेशल प्रिप्रेशन के साथ पिलाया था। इस तरह ग्रीष्म की वह दोपहर चौर्य-कला पर एक बेहतरीन
सेमिनार में रूपान्तरित हो गई।
कल्पित ने उस दिन को याद करते हुए बाद में अपनी ख्यात-कृति ‘बाग़-ए-बेदिल’ जयपुर जनता -2 में लिखा :
आज दोपहर
सवाईसिंह शेखावत घर आए
बहुत दूर से
जैसे 1981 में आए थे
कॉफ़ी हाउस में
राजेन्द्र बोहरा के साथ !
इस दुर्दिन में भी
कोई-कोई भूल भटके मिलने के लिए
चला आता है, अजन्ता !
(यह संस्मरण सुधेन्दु पटेल के संपादन में ‘सम्प्रेषण’में छपा था।अब मेरे भावी गद्य-संकलन ‘गद्य के कोठार से’ में शामिल हैं)
••••••••••••
krishnakalpit@gmail.com

Leave a Reply