
जयपुर में यह हमारा 45 बरस पुराना अड्डा है!
मिर्ज़ा इस्माइल रोड स्थित इंडियन कॉफी हॉउस! यहीं हमने हमारी जवानी में, कुछ लेखकों कवियों चित्रकारों पत्रकारों के साथ मिलकर जयपुर को पेरिस बनाने की साज़िश रची थी। कुछ-कुछ बना भी दिया था, लेकिन आख़िरकार हम असफल रहे।
आज जब अपने इस पुराने अड्डे पर गया तो मुझे अपने ज्योतिषी मित्र टीपू सुल्तान जोशी की याद आई। टीपू राजस्थान के प्रमुख पत्रकार और स्वतन्त्रता सेनानी सुमनेश जोशी के पुत्र थे। वे कॉफ़ी हॉउस हर सुबह दस बजे आ जाते थे और उनको विदेशी ललनाएँ घेरे रहती थीं। किसी की हस्तरेखा देख रहे हैं तो किसी की जन्मपत्री बना रहे।
हम तो अपनी जन्मपत्री को ठोकर मार कर जयपुर आये थे लेकिन टीपू हमें कवि जानकर हमारा लिहाज़ करते थे। वे रोज़ाना अगर हॉकी की गेंद के बराबर नहीं तो पिंगपोंग की गेंद जितना भंग का गोला कॉफ़ी हाउस में आकर ज़रूर उदरस्थ करते थे। हम भी उनके गोले से चुटकी भर प्राप्त करते थे। उसके बाद वे व्यस्त हो जाते थे।
एक बार एक ब्रिटेन की बाला टीपू पर मोहित हो गयी। टीपू ने एक दिन उसे भी भंग का प्रसाद दे दिया। वह टीपू की दीवानी हो गयी। रोज़ वह टीपू के साथ दिखाई देती और दोपहर बाद दोनों सरस्वती नदी की तरह विलुप्त हो जाते।
एक दिन ज़ेन नाम की वह ब्रिटिश युवती गांधी नगर रेलवे-स्टेशन की पटरियों पर बेहोश पाई गयी। पुलिस ने जब उससे होश में आने पर पूछताछ की तो वह टीपू टीपू बोलने लगी। आगे पूछताछ में उसने कहा – round round green green.
टीपू की तलाश में पुलिस जब कॉफी हाउस आई तो यह रहस्योद्घाटन हुआ कि उस दिन टीपू ने ज़ेन को भंग का थोड़ा अधिक बड़ा गोला (round round green green) अपने बापू नगर के फ्लैट पर दे दिया था, जहाँ टीपू अपनी महिला-मित्र के साथ रहते थे।
टीपू जोशी के बिना आज कॉफ़ी हाउस कुछ सूना-सूना-सा लगा। टीपू जोशी अब नहीं है और भी बहुत से प्यारे-प्यारे लोग काल के गाल में समा गये। हम जैसे कुछ अभागे बचे हुए हैं।
जयपुर पेरिस नहीं बना। हम असफल हुये!
•••••••••••••
krishnakalpit@gmail.com
Leave a Reply